दिल्ली में दंगों के बाद डरा रहे हैं लाशें उगलते नाले

पारस सिंह, पंखुड़ी यादव/नई दिल्ली दिल्ली दंगों के बाद अब नालों का खौफ है। बहुत सारी आशंकाएं अब नालों में तैर रही है, खुफिया ब्यूरो (IB) के एक कर्मचारी अंकित शर्मा का शव मिलने के बाद गुरुवार को गोकुलपुरी के गंगा विहार जंक्शन के पास नाले से 2 और शव बरामद हुए हैं। नाले से शव मिलने की खबरें जंगल की आग की तरह फैल रही है। पुलिस शवों की तलाश में अब उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उन नालों को खंगाल रही है, जो बंद हैं। बता दें कि दिल्ली हिंसा में अब तक 38 लोगों की मौत हुई है। नाले से निकल रहे हैं शव! सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के कर्मचारी अनिल त्यागी ने बताया कि गुरुवार को नाले के कचरे में एक शव तैरता मिला। उन्होंने कहा, 'जैसे ही शव मिलने की खबर मिली, यहां भीड़ जुटनी शुरू हो गई। लेकिन इस इलाके में कर्फ्यू लगी है, तो तुरंत फोर्स पहुंची और लोगों को वहां से हटा दिया।' पढ़ें, शवों की पहचान नहीं दोनों शव को गुरुवार सुबह 11 बजे हटा लिया गया था। हालांकि उनकी पहचान नहीं हो पाई थी। जब हमारे सहयोगी अखबर टाइम्स ऑफ इंडिया की टीम दोपहर 2.30 बजे इस इलाके में पहुंची तो कॉलोनियों में फ्लैग मार्च किया जा रहा था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लाउड स्पीकर पर कह रहे थे, धारा 144 लगी हुई है और देखते ही गोली मारने के आदेश हैं। लोगों से आग्रह है कि वे अपने घरों में रहें।' भागीरथी विहार में रहने वाले 62 वर्षीय रंजीत कुमार ने दावा किया नाले से मिला मृतक इस इलाके का रहने वाला नहीं था और हो सकता है कि उसका शव मुस्तफाबाद से बहते हुए नाले में यहां तक आया हो। शवों की तलाश में नालों में खोज निगम कर्मचारी और पुलिस और शवों की तलाश में कूड़ा से बजबजाते नालों में खोज कर रहे हैं। इस बारे में सिंचाई और बाढ़ विभाग, पूर्वी दिल्ली नगर निगम और पुलिस के बीच बैठक भी हुई है। EDMC कमिश्नर डॉ. दिलराज कौर और प्रवक्ता अरुण कुमार ने बाद में बताया कि निगम पुलिस को शवों की खोज में हर संभव मदद देगी। पढ़ें, 'हर जगह खोजा, अस्पताल में शव मिला' टाइम्स ऑफ इंडिया ने वैसे मृतकों के परिजनों से बात की, जिसके शव नाले से निकाले गए थे। चांद बाग के नाले से मुशर्रफ का शव मिला था। मृतक की बहन फरहीन ने कहा, 'हम हर जगह गए लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। हमारे एक जानने वाले ने बताया कि मुशर्रफ (35) को नाले में फेंक दिया गया है। जब हम उसे नाले में नहीं खोज पाए, तो हम गुरुवार सुबह जीटीबी अस्पताल गए। वहां हमें उसका शव मिला।' यह भी पढ़ें,'मारकर नाले में फेंक दिया' मोहशीन का शव भजनपुरा नाले में मिला था। मोहसीन के चाचा वारिस अली खान ने कहा, 'मंगलवार को करीब शाम 5 बजे, वह किसी काम के लिए भजनपुरा आया था। भीड़ ने उसकी कार घेर ली और उसे अपनी पैंट उतारने को कहा। इस दौरान उसने अपने किसी दोस्त को फोन किया। लेकिन जबतक कोई उसे बचाने के लिए कुछ कर पाता, लोगों ने उसे मारकर नाले में फेंक दिया।'


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi https://ift.tt/399aqWi

Comments