दिल्ली से वैष्णो देवी तक चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
नई दिल्ली राजधानी दिल्ली से वैष्णो देवी की यात्रा करने वाली तीर्थयात्रियों के लिए खुशी की खबर है। रेलवे ने अब उनके लिए दिल्ली से कटरा तक सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। इस रूट पर ट्रेन चलाने की मंजूरी के साथ ही इसके ट्रायल के निर्देश भी दिए जा चुके हैं। यह ट्रेन नई दिल्ली से वैष्णो देवी का सफर महज 8 घंटे में पूरा करेगी। रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक रेलवे बोर्ड ने यानी वंदे भारत एक्सप्रेस को चलाने की मंजूरी दे दी है। इसके लिए बाकायदा पूरा शेड्यूल भी तैयार कर लिया गया है। इसी टाइम के हिसाब से इस सेक्शन पर ट्रायल करने के आदेश भी हुए हैं। इसमें साफ किया गया है कि गाड़ी का ट्रायल 130 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड के हिसाब से ही होना चाहिए। शेड्यूल के मुताबिक यह गाड़ी नई दिल्ली से सुबह 6 बजे चलकर दोपहर 2 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वहीं, रास्ते में यह 8.10 बजे अंबाला, 9.22 बजे लुधियाना, 12.40 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर T-18 को दो मिनट के स्टॉपेज दिए गए हैं। वापसी में यह दोपहर 3 बजे कटरा से चलकर रात 9 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। मुंबई से शिरडी के बीच भी चल सकती है वंदे भारत दिल्ली से वैष्णों देवी के अलावा मुंबई और शिरडी के बीच भी वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू की जा सकती है। फिलहाल मौजूदा समय में मुंबई से शिरडी ट्रेन में जाने के लिए 9 घंटे का समय लगता है, जो कि ट्रेन 18 के शुरू होने के बाद 3 घंटे में पूरा कर लिया जाएगा।
from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi https://ift.tt/2RI1VcR
Comments
Post a Comment